पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में ईद के बाद लाठी डंडों से हुआ झगड़ा, 10 घायल
—
यूनुस अलवी, मेवात। हरियाणा
—
ईद की नमाज अदा करने के बाद पुरानी रंजिश के चलते बिछोर थाने के गांव तिरवाड़ा में झगड़ा हो गया। झगड़े में करीब 10 लोग घायल हो गए।
एक पक्ष के लोग जब ईदगाह में नमाज अदा करके घर जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में दूसरे पक्ष के कुछ लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। इसके बाद खेतों में दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले।
ग्रामीणों के मुताबिक झगड़ा करने वालों में एक गुट साजिद है तो वहीं दूसरा गुट राशिद है। साजिद गुट के 11 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं राशिद गुट के भी करीब 7 लोग घायल हुए। झगड़े की सूचना मिलते ही गांव में पुन्हाना सदर थाना, शहर थाना और बिछौर थाना की पुलिस पहुंची। घायलों को पुनहाना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। और शांति के लिए गांव तिरवाड़ा में पुलिस तैनात की गई है।
पुलिस ने कुछ देर बाद ही झगड़े को शांत करा दिया। इसके साथ ही घायलों को इलाज के लिए पुन्हाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जिनमें से कुछ लोगों को आगे रेफर कर दिया गया तो वहीं कुछ लोगों का इलाज पुन्हाना के अस्पताल में चल रहा है। पुन्हाना शहर थाना प्रभारी भरत ने बताया कि अस्पताल में कोई झगड़ा ना हो इसके लिए यहां पुलिस तैनात की गई है। बाकी इस मामले में कार्रवाई बिछौर थाना पुलिस करेगी।
पुलिस ने राशिद गुट का युवक पकड़ा, यहीं से रंजिश शुरू हुई।
झगड़े में घायल बुजुर्ग ईशा ने बताया कि कुछ दिन पहले राशिद गुट के एक युवक को पुलिस ने पकड़ा था। राशिद गुट युवक को पकड़वाने का शक उन पर करने लगा। इसी बात को लेकर राशिद उनसे रंजिश रखने लगा। जब वह सुबह ईद की नमाज पढ़ कर घर जा रहे थे तभी रास्ते में घात लगाकर बैठे आरोपियों ने उनके ऊपर हमला कर दिया।
युवक ने कहा- बंदूक निकाल कर लाओ
झगड़े का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक यह कहता हुआ सुनाई दे रहा है कि जल्दी से बंदूक निकाल कर ले आओ, लेकिन उससे पहले ही वहां पुलिस पहुंच गई। अगर बंदूक निकल दी जाती तो बड़ी घटना हो सकती थी।
थाना प्रभारी बोले- दोनों पक्ष एक ही परिवार के
बिछौर थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष एक ही परिवार के हैं। इनका किसी पुरानी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। अब वहां बिल्कुल शांति है। दोनों पक्षों को समझा दिया गया है। फिलहाल हमारे पास कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

No Comment.